IPL के 15वें सीजन में सन राइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक 153 Kmph की रफ्तार से गेंद फेंक कर बल्लेबाजों में खौफ पैदा कर दिया है। उमरान को बेशक ज्यादा विकेट नहीं मिले हैं, पर उनकी रफ्तार की तारीफ की जा रही है।

जम्मू के रहने वाले उमरान मलिक को कभी असम रणजी टीम के कोच पूर्व क्रिकेटर अजय रतड़ा ने उनकी गेंद की रफ्तार को देखने के बाद अपने खिलाड़ियों को प्रैक्टिस कराने से मना कर दिया था। उमरान के कोच रणधीर सिंह ने दैनिक भास्कर के साथ एक घटना का जिक्र करते हुए बताते हैं कि 2019 में असम की टीम जम्मू- कश्मीर के साथ मैच खेलने के लिए जम्मू आई हुई थी।
जम्मू कश्मीर की रणजी टीम में उमरान को जगह नहीं दी गई थी। वह ग्राउंड पर गेंद कर रहे थे। असम की टीम ने अपने खिलाड़ियों को तेज गेंदबाजी की प्रैक्टिस के लिए उन्हें अपने साथ शामिल किया। उमरान ने अभी 4 गेंद ही फेंकी थी कि असम के कोच रतड़ा ने रफ्तार को देखकर गेंद करने से रोक दिया और कहा कि कहीं इनकी गेंद पर असम के खिलाड़ी मैच से पहले ही चोटिल न हो जाएं। रतड़ा ने उमरान के टीम में नहीं शामिल किए जाने पर हैरानी भी जताई और उमरान को बुलाकर कहा था, ‘चिंता मत करो, तुम एक दिन इंडिया की रफ्तार बनोगे।’